नोएडा । ससुराल में विवाद के चलते पति व बच्चों के साथ रहने वाली एक महिला ने अपने ससुर, जेठ, जेठानी सहित चार लोगों को नामित करते हुए थाना सूरजपुर में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उक्त लोग उसके परिवार के लोगों का पीछा कर रहे हैं तथा उनकी फोटो आदि खींच रहे हैं। महिला ने आशंका व्यक्त की है कि ये लोग उनके व साथ परिवार के साथ कोई गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि गुंजन सोलंकी नामक एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके ससुर और जेठ जेठानी से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच न्यायालय में मामला चल रहा है। महिला के अनुसार वह अपने पति और बच्चों के साथ सूरजपुर थाना क्षेत्र में रहती हैं। महिला का आरोप है कि उसके ससुर राजकुमार राघव, जेठ राहुल राघव, जेठानी मानसी राघव तथा ननद रीना राणा उसका पीछा कर रहे हैं। महिला का यह भी आरोप है कि उक्त लोग उसके बच्चों के स्कूल से आते-जाते समय की फोटो खींच रहे हैं। थाना पुलिस से पीड़िता ने आशंका व्यक्त की है कि उसके और परिवार के साथ ये लोग कोई अनहोनी कर सकते हैं। महिला का यह अभी आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर उनके ऑफिस में भी गलत मेल किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां