ईरान की जेल में एक महीने से बंद गाजियाबाद का इंजीनियर, बहन ने पीएम मोदी से लगाई गुहार
गाजियाबाद। साहिबाबाद निवासी मर्चेंट नेवी के इंजीनियर केतन मेहता पिछले एक महीने से अधिक समय से ईरान की जेल में बंद हैं। केतन की गिरफ्तारी के बाद से उनका परिवार गहरे तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। परिजन लगातार भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर केतन को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी या समाधान सामने नहीं आया है।
शिवानी मेहता ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान केतन की आवाज से ऐसा लग रहा था कि वह किसी दबाव में बात कर रहा है। परिवार को यह भी आशंका है कि बातचीत के दौरान कोई वहां मौजूद था और उसकी बातों पर नजर रखी जा रही थी। केतन ने फोन पर यह जरूर कहा कि वह ठीक है, लेकिन परिजनों को लग रहा है कि वह मजबूरी में ऐसा कह रहा था।
उन्होंने बताया कि जब केतन से खाने-पीने और ठंड के कपड़ों को लेकर सवाल किए गए तो उसने कोई सीधा जवाब नहीं दिया और रोने लगा। आमतौर पर वह यही कहता रहा कि सारी बातें भारत आकर बताएगा। बहन के अनुसार, केतन की आवाज से साफ झलक रहा था कि वह डरा हुआ और मानसिक दबाव में है।
शिवानी मेहता ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलने के लिए भी मेल भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है। परिवार को उम्मीद है कि यदि प्रधानमंत्री स्तर पर हस्तक्षेप होता है तो केतन की जल्द भारत वापसी संभव हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान में केतन अकेला नहीं है, बल्कि कई अन्य भारतीय नागरिक भी फंसे हुए हैं। अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए सभी पीड़ित परिवार 11 फरवरी 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
परिवार ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को केतन ने फोन कर कहा था कि उसका प्रमोशन होने वाला है और प्रमोशन के बाद कुछ हफ्तों की छुट्टी लेकर वह घर आएगा। इस खबर से पूरा परिवार खुश था और उसकी शादी की तैयारी की बात चलने लगी थी। लेकिन 6 जनवरी 2026 को परिवार को पता चला कि केतन को ईरान में गिरफ्तार कर लिया गया है और वह जेल में बंद है।
जानकारी के अनुसार, केतन 29 जून 2025 को दिल्ली से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। वह मर्चेंट नेवी में सेकंड इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं और वर्ष 2018 में उन्होंने मर्चेंट नेवी जॉइन की थी। केतन दुबई की कंपनी एमटी ब्रिलियंट रोअर में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि जिस जहाज पर केतन कार्यरत थे, वह ईरान से तेल लेकर जा रहा था, तभी जहाज को हिरासत में ले लिया गया।
केतन के परिवार में माता-पिता और दो बड़ी बहनें हैं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है और माता-पिता साहिबाबाद की डीएलएफ कॉलोनी में रहते हैं। परिवार अब भी उम्मीद लगाए बैठा है कि सरकार के हस्तक्षेप से केतन जल्द सुरक्षित अपने घर लौट सकेगा।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां