नोएडा। नोएडा में विश्व कैंसर जागरूकता दिवस-2026 पर कैंसर से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए ‘यूनाईटेड बाइ यूनिक’ थीम पर कैंसर जागरूकता रैली निकाली गई। कैंसर जागरूकता रैली में एमिटी विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रो वाइस चांसलर डा चंद्रदीप टंडन, एमिटी इंस्टीटयूट ऑफ मॉलेक्यूलर मेडिसिन एंड स्टेम सेल रिसर्च के चेयरमैन डा. बीसी दास सहित सैकड़ों की संख्या में छात्रों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस रैली के अंर्तगत छात्रों ने विभिन्न कैंसर जागरूकता के नारे जैसे ‘‘कैंसर की जांच - जीवन का बचाव’’ और ‘‘कैंसर को हराना है’’ सहित अन्य नारे लगा कर पूरे कैंपस का भ्रमण किया। इस अवसर पोस्टर प्रस्तुती, क्विज प्रतियोगिता और विशेषज्ञ व्याख्यान सत्र का भी आयोजन किया।
एमिटी विश्वविद्यालय कैंपस में आयोजित कैंसर जागरूकता व्याख्यान सत्र के अंर्तगत डा. सना तारिक, डा. सुमंत गुप्ता और डा. अदिती पुनिया ने जानकारी प्रदान की। इस अवसर एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डा बलविंदर शुक्ला और एमिटी इंस्टीटयूट ऑफ मॉलेक्यूलर मेडिसिन एंड स्टेम सेल रिसर्च के चेयरमैन डा. बीसी दास ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कैंसर सर्ववाइवर सुश्री काजल प्रसाद ने अपने अनुभव साझा किये। व्याख्यान सत्र का संचालन एमिटी इंस्टीटयूट ऑफ मॉलेक्यूलर मेडिसिन एंड स्टेम सेल रिसर्च के सहायक निदेशक डा. मनोज गर्ग और प्रोफेसर डा. पल्लवी अग्रवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कैंसर सर्ववाइवर सुश्री काजल प्रसाद ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अगर आप दृढ़ निश्चय कर लें तो जीवन में किसी भी चुनौती को हरा सकते हैं । मुझे जीवन में दो बार कैंसर हुआ एक बार किडनी का और एक बार आंतों का। चिकित्सकों द्वारा प्रदान की गई जीतने की आशा ने मेरी स्वस्थ होने की इच्छाशक्ति को जागृत रखा और आज मैं स्वस्थ हूं। उन्होंने बताया कि उनकी माता और भाई की मृत्यु भी कैंसर से हो गई। सुश्री प्रसाद ने कहा कि जीवन में अगर इच्छा शक्ति को मजबूत बना ले तो कोई भी कैंसर आपको नहीं हरा सकता।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा कैंसर से बचाव के लिए लगभग 25 से अधिक पोस्टर प्रस्तुत किये गये और छात्रों के मध्य क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें विजयी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
टिप्पणियां