नोएडा। ग्रेटर नोएडा के तीन थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख क्षेत्र के तिगरी गोल चक्कर के पास रात में एक मोटरसाइकिल सवार को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया । उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का नाम आदेश शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा निवासी सिद्धार्थ विहार विजयनगर गाजियाबाद है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
सड़क हादसे की दूसरी घटना थाना जेवर क्षेत्र की है। गोपालगढ़ के पास पैदल जा रहे एक व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान गोपालगढ़ गांव निवासी पूर्व प्रधान सुखबीर (67 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक खल की दुकान चलाता था।
तीसरी सड़क हादसे की घटना थाना दनकौर क्षेत्र की है। समसपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर पर लगी मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में मिक्सर मशीन पर सवार होकर जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर देर रात को उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की पहचान जनपद बुलंदशहर के रहने वाले अफजल 26 वर्ष के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में घंघोला से मायचा रोड पर जाने वाली सड़क के बीचों-बीच लगे जामुन के पेड़ से एक बाइक सवार टकरा गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल संदीप नामक युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
टिप्पणियां