CM सैनी ने लॉन्च की सदन संदेश पत्रिका, अब जनता तक पहुंचेगी विधानसभा की हर बहस और हर निर्णय की साफ तस्वीर
Haryana CM Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को विधानसभा द्वारा प्रकाशित नई पत्रिका ‘सदन संदेश’ का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मजबूती उसकी संवाद संस्कृति पर निर्भर करती है। ‘सदन संदेश’ पत्रिका जनता को विधानसभा सत्रों में हुई चर्चाओं, बहसों और निर्णयों की विस्तृत व वास्तविक जानकारी देगी, जिससे जन-सरोकारों से जुड़ी हर बात सीधे लोगों तक पहुंच सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
सरकार और विपक्ष दोनों का दायित्व
सदन की हर चर्चा का सीधा असर जनता के जीवन पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में होने वाली प्रत्येक चर्चा, बहस और निर्णय सीधे नागरिकों के जीवन को प्रभावित करते हैं। इसलिए जनप्रतिनिधियों का सदन में उपस्थित रहना, अध्ययन करना, शोध करना और जनता की भावनाओं को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समिति बैठकें, विधेयकों का अध्ययन और नीति विश्लेषण वे कार्य हैं, जो विधायी प्रक्रिया को मजबूत बनाते हैं और प्रतिनिधियों की निष्ठा को दर्शाते हैं। उन्होंने सभी विधायकों से अपील की कि वे अपनी भूमिकाओं को जिम्मेदारी से निभाएं।
शोध-आधारित विधायी कार्यों की बढ़ती जरूरत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि जनप्रतिनिधि शोध-आधारित विधायी कार्य करें। समय के बदलते स्वरूप में नीतियों को गहराई से समझकर ठोस समाधान प्रस्तुत करना ही विकास की गति को तेज कर सकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत बहसें और नीतियां जितनी तथ्याधारित होंगी, उतना ही प्रदेश की नीतिगत दिशा बेहतर होगी।
पत्रिका में एक वर्ष के सत्रों की विस्तृत समीक्षा
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि ‘सदन संदेश’ में पिछले एक वर्ष में हुए सभी विधानसभा सत्रों की विस्तृत समीक्षा शामिल की गई है। इससे आमजन को सदन की हर कार्यवाही, महत्वपूर्ण निर्णयों और विधायी प्रक्रियाओं की प्रमाणिक जानकारी सहज रूप से प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका न केवल सूचनाप्रद है, बल्कि लोगों में विधायी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी।
विधायक और सांसदों की पूरी जानकारी भी उपलब्ध
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि पत्रिका में हरियाणा के सभी विधायकों और सांसदों की संपूर्ण जानकारी भी संकलित की गई है। इसमें विधायी प्रक्रियाओं की बारीकियां, समितियों का कार्य, विधेयकों की समीक्षा और सदन की प्रमुख गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत की गई हैं। उनका कहना है कि ‘सदन संदेश’ का नियमित प्रकाशन जारी रहेगा, जिससे हरियाणा की जनता अपने प्रतिनिधियों और विधानसभा की गतिविधियों से निरंतर अवगत रह सकेगी।
