'मुंबई महाराष्ट्र की है, किसी के बाप की नहीं': संजय राउत का बड़ा हमला; बॉम्बे को अलग करने की साजिश का लगाया आरोप
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के नेता के अन्नामलाई के उस बयान पर हमला किया कि 'बॉम्बे महाराष्ट्र का शहर नहीं है...।'' उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के भाजपा नेता ने यह बयान आगामी 15 जनवरी को मुम्बई नगर निगम (बीएमसी) के होने जा रहे चुनाव प्रचार के सिलसिले में दिया। राउत ने अन्नामलाई के बयान पर मीडिया से बात करते पूछा, "एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी का इस बारे में क्या कहना है? महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कहते हैं कि जब तक सूरज और चांद रहेगा मैं मुंबई को महाराष्ट्र से अलग नहीं होने दूंगा। हालांकि, आपकी दहाड़ अच्छी लगती है लेकिन आपकी पार्टी (भाजपा) के नेता यहां आते हैं और कहते हैं कि मुंबई महाराष्ट्र का नहीं है। इसलिए उन्हें (फडणवीस) जवाब देना चाहिए।"
उन्होंने पूछा, ''भाजपा के स्टार प्रचारक कह रहे हैं कि मुंबई महाराष्ट्र का हिस्सा नहीं है। अगर अन्नामलाई ऐसा कह रहे हैं, तो उनके खिलाफ राज्य में मामला दर्ज होना चाहिए। वह महाराष्ट्र की राजधानी के बारे में ऐसा बयान कैसे दे सकते हैं? अगर भाजपा के श्री अन्नामलाई ने 1950 के दशक में संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के तहत महाराष्ट्र राज्य बनाने के लिए अपनी जान देने वाले 106 शहीदों का अपमान किया है, तो मुख्यमंत्री को उनके खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। राउत ने पूछा, ''आपका आत्म-सम्मान कहां है?"
अन्नामलाई के बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता अखिल चित्रे ने भी उनके बयान की कड़ी आलोचना की है। चित्रे ने कहा, "मुंबई का नाम और पहचान सिर्फ शब्दों की बात नहीं है बल्कि इसके पीछे मराठी लोगों का संघर्ष, बलिदान और आत्म-सम्मान है। मुंबई को जानबूझकर 'बॉम्बे' कहना और यह इशारा करना कि यह महाराष्ट्र का हिस्सा नहीं है, मराठी अस्मिता को सीधी चुनौती है।"
