पटना जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी: 1.63 लाख नए वोटर जुड़े, महिलाओं की संख्या अब भी पुरुषों से कम

Uttarakhand News: पटना जिले में गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस सूची में 1 लाख 63 हजार 600 नए नाम जुड़े हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष के 25 हजार 955 युवा भी शामिल हैं, जो पहली बार वोट डालने का अधिकार प्राप्त करेंगे।
पटना साहिब में सबसे ज्यादा, मोकामा में सबसे कम नए वोटर
प्रारूप सूची से हटे थे लाखों नाम
इससे पहले 1 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप सूची में पहले से पंजीकृत 50 लाख 47 हजार 194 मतदाताओं में से 3 लाख 95 हजार 500 के नाम हटा दिए गए थे। इस तरह प्रारूप सूची के बाद 46 लाख 51 हजार 694 मतदाताओं की सूची बनी थी। खास बात यह है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों से सबसे अधिक नाम हटाए गए थे, वहां अंतिम सूची में उतने नाम नहीं जुड़ पाए।
दीघा, मसौढ़ी और बांकीपुर में बड़ी कटौती
प्रारूप सूची में सबसे अधिक 53,473 नाम दीघा विधानसभा क्षेत्र से हटाए गए थे। वहीं, मसौढ़ी (अजा) में 36,881 और बांकीपुर में 36,977 नाम कटे थे। फुलवारी (अजा) से भी 34,986 मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। इसके उलट, अंतिम सूची में इन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम नाम जुड़ पाए।
महिलाओं की संख्या पुरुषों से कम
अंतिम मतदाता सूची में जिले में कुल 25 लाख 40 हजार 363 पुरुष, 22 लाख 78 हजार 778 महिलाएं और 157 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हुए हैं। यानी महिलाओं की संख्या पुरुषों से 5.43 प्रतिशत कम है। यह न केवल सामाजिक-आर्थिक असमानता को दर्शाता है, बल्कि मतदान प्रतिशत पर भी असर डाल सकता है।
महिला मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश
जिला प्रशासन ने महिला मतदाताओं की कम संख्या को लेकर चिंता जताई है। प्रशासन अब विशेष अभियान चला रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं मतदाता सूची से जुड़ें और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
नए युवा मतदाताओं से उम्मीद
सूची में शामिल 25,955 नए युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। प्रशासन का मानना है कि युवा पीढ़ी की भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करेगी।