शिखा मल्होत्रा का बयान: बिग बॉस 19 पर कड़ी टिप्पणी, कंटेस्टेंट्स पर निशाना

मुंबई। जैसे-जैसे बिग बॉस 19 का सफर आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे विवाद भी बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच अभिनेत्री और नर्सिंग ऑफिसर शिखा मल्होत्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कई कंटेस्टेंट्स पर खुलकर अपनी राय दी है और शो की रणनीतियों पर सवाल उठाए हैं।
शिखा ने फरहाना की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते फरहाना का नीलम को “2 पैसे की और 2 कौड़ी की औरत” कहना बेहद आपत्तिजनक था। इसके अलावा, फरहाना ने अन्य घरवालों को भी अपमानजनक शब्द कहे और वरिष्ठ प्रतिभागी कुनीका को “फ्लॉप अभिनेत्री–फ्लॉप वकील” तक कह डाला।
नेहल–बसीर की जोड़ी पर तंज
शिखा ने नेहल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह बार-बार सिर्फ “औक़ात नहीं है” जैसे डायलॉग दोहराती रहती हैं। साथ ही, नेहल और बसीर मिलकर बिना वजह विवाद खड़ा करते हैं, जिससे खेल का माहौल और भी नकारात्मक हो जाता है।
अभिषेक के समर्थन में शिखा
टास्क की चर्चा करते हुए शिखा ने कहा कि अभिषेक ईमानदारी से खेलता है, लेकिन नेहल और बसीर जानबूझकर उसे निशाना बनाते हैं। नेहल अभिषेक पर महिला कार्ड खेलने की कोशिश करती हैं, जिसे शिखा ने “अनुचित रणनीति” बताया।
कुनीका–तान्या के रिश्तों पर टिप्पणी
शिखा ने यह भी कहा कि शो की अनुभवी प्रतिभागी कुनीका धीरे-धीरे तान्या से दूरी बना रही हैं, जो घर की राजनीति को दर्शाता है।
वाइल्ड कार्ड एंट्री की चर्चाएँ
शिखा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी बिग बॉस 19 में वाइल्ड कार्ड एंट्री की अटकलें तेज हो गई हैं। कोविड काल में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में बिना वेतन काम करने वाली शिखा ने इस दौरान कई चुनौतियों का सामना किया और लंबी जंग के बाद खुद को संभाला। शायद इसी वजह से वह सही–गलत पर बेबाकी से अपनी बात रखने से नहीं डरतीं।