ऑस्ट्रेलिया में हीटवेव और तूफानी हवाएं, सिडनी में टूटा 20 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड


न्यू साउथ वेल्स के घनी आबादी वाले पूर्वी तट पर बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक और राज्य की राजधानी सिडनी में 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। यह तापमान 2004 के अक्टूबर के 38.2 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड को तोड़ देगा। बीओएम ने ग्रेटर सिडनी और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की विनाशकारी हवाओं के पूर्वानुमान की वजह से अत्यधिक आग के खतरे की चेतावनी जारी की। एनएसडब्ल्यू के स्वास्थ्य मंत्री रयान पार्क ने बुधवार सुबह लोगों को बाहर जाने से बचने और बुजुर्गों, दोस्तों, परिवार, छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का ध्यान रखने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा, "हम आज सभी से गर्मी से बचाव के लिए कदम उठाने का आग्रह कर रहे हैं।" न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, क्वींसलैंड और न्यू साउथ वेल्स दोनों राज्यों में मंगलवार को अक्टूबर का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मंगलवार को क्वींसलैंड का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस और न्यू साउथ वेल्स में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें, विक्टोरिया और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में लू का असर देखने को नहीं मिला। हालांकि, बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने अनुमान लगाया है कि बुधवार को दोनों राज्यों में विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिणी तट पर विकसित एक निम्न-दाब प्रणाली पूर्व की ओर बढ़ रही है। इसकी वजह से विक्टोरिया और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान है।
