किसी भी प्रकार की अराजकता से सख्ती से निपटा जाना चाहिए: योगेन्द्र वर्मा
मुजफ्फरनगर। लक्ष्मीनगर स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कार्यालय पर आज महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने की, जबकि संचालन प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौधरी ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अनेक लोगों ने अखिल भारत हिंदू महासभा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर वरिष्ठ हिंदूवादी नेता अमरीश त्यागी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं गौरव त्यागी को युवा जिला अध्यक्ष, मुजफ्फरनगर तथा मोहित त्यागी को मंडल महामंत्री, सहारनपुर मंडल मनोनीत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा और नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी ने कहा कि देश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है और किसी भी प्रकार की अराजकता या तनाव की स्थिति से सख्ती से निपटा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी।
मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल एवं प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व देश में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। महासभा नेताओं ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सरकार से स्पष्ट नीति बनाने का आग्रह किया।
बैठक में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश प्रभारी हरिओम त्यागी, राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य अजय कृष्णा जी महाराज, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित पहलवान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष साक्षी वर्मा, मंडल अध्यक्ष डॉ. गौरव त्यागी, डॉ. विकास शर्मा, हार्दिक शर्मा, नितिन शर्मा, अमित सिंह, नरेश कुमार, सोना सिंह, नेहा, रविंद्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और संगठन को मजबूत करने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
