मुजफ्फरनगर: खुजेडा गांव में खूनी संघर्ष, घर में घुसकर हमला, मासूम व महिला समेत चार गंभीर घायल
समझौता होने के चंद घंटों बाद फायरिंग से गांव में दहशत, पुलिस बल तैनात

मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खुजेडा में मंगलवार की शाम पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग की। इस हमले में एक महिला और एक मासूम बालक समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ग्राम प्रधान मौ. सुलेमान के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। मंगलवार की सुबह ही गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने बैठकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। पुराने विवाद का पटाक्षेप होने के बावजूद शाम होते-होते एक पक्ष ने हमला बोल दिया, जिससे समझौते की कोशिशें धरी की धरी रह गईं।
हमले में घायल हुए ग्रामीण
पीड़ित पक्ष के इनाम अली ने बताया कि शाम करीब 6:45 बजे आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने एक राय होकर घर पर धावा बोला। इस मारपीट और पथराव में मीर हसन (65 वर्ष) पुत्र अमीर अहमद, इमरान (55 वर्ष) पत्नी स्व. कय्यूम, अफजाल (23 वर्ष) पुत्र कय्यूम और वसीम (12 वर्ष) पुत्र गुलजार घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
फायरिंग का वीडियो वायरल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला फायरिंग होने का दावा कर रही है और पृष्ठभूमि में गोलियों की आवाज भी सुनाई दे रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में फायरिंग की स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई शुरु
थानाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई थी और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। उन्होंने कहा कि फायरिंग की पुष्टि के लिए वायरल वीडियो और घटना स्थल की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां