देहरादून में मुजफ्फरनगर के बीटेक छात्र की फावड़े से मारकर हत्या: कॉलेज में वर्चस्व की जंग में गई युवक की जान
छात्र पर 15 से ज्यादा युवकों ने किया हमला; पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, बीएनएस की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर/देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पढ़ाई करने गए मुजफ्फरनगर के एक होनहार छात्र की आपसी रंजिश और कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई में बेरहमी से हत्या कर दी गई। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में सोमवार रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बीटेक छात्र पर फावड़े और लाठी-डंडों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
खाने की मेज पर शुरू हुआ विवाद, फिर बरसे फावड़े
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथाई निवासी दिव्यांशु जाटराना पुत्र अमित जाटराना देहरादून की उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र था। सोमवार रात करीब 8:30 बजे दिव्यांशु अपने दोस्तों के साथ केहरी गांव स्थित 'बावा की रसोई' में खाना खाने गया था। वहां पहले से मौजूद दूसरे गुट के छात्रों के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि करीब 15-20 छात्रों ने साजिश के तहत लाठी-डंडों और फावड़े से दिव्यांशु पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में दिव्यांशु के सिर पर फावड़े से गहरा वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
पुलिस वाहन से अस्पताल पहुँचाया, पर नहीं बची जान
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल दिव्यांशु को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे अपने सरकारी वाहन से अस्पताल पहुँचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मुजफ्फरनगर से परिजन देहरादून पहुंचे, जिससे कोहराम मच गया।
3 गिरफ्तार, 15 नामजद; पुलिस कर रही छापेमारी
देहरादून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा गौरव राणा की तहरीर पर पुलिस ने 15 नामजद और अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ हत्या (BNS 103(1)), दंगा और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान युवराज कुमार (बिहार), मधुर खंडेलवाल (रुद्रपुर) और शिवम शर्मा (बिहार) के रूप में हुई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वर्चस्व की रंजिश बनी मौत का कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच कॉलेज में वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मुजफ्फरनगर के अथाई गांव में होनहार छात्र की मौत से शोक की लहर दौड़ गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां