मुजफ्फरनगर: सिखेड़ा में बेल पर आए आरोपी का तांडव, गवाही से मना करने पर पूरे परिवार को किया लहूलुहान

मुजफ्फरनगर। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर में कानून को ठेंगे पर रखने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक संगीन मामले में जमानत पर बाहर आए आरोपी ने अपने पिता के साथ मिलकर एक परिवार पर सिर्फ इसलिए जानलेवा हमला कर दिया क्योंकि उन्होंने एक मामले में गवाही देने से इनकार कर दिया था। घटना के बाद पुलिस की शुरुआती सुस्ती पर भी सवाल उठे हैं, हालांकि अब मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी सुशील कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, गांव के ही अभिषेक और उसके पिता राजीव के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है। अभिषेक एक शातिर किस्म का अपराधी है और फिलहाल कोर्ट से जमानत पर बाहर है। आरोप है कि राजीव ने सुशील पर एक मामले में अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बनाया था। सुशील के इनकार करने के बाद से ही आरोपी परिवार रंजिश पाले हुए था।
घर के अंदर घुसकर लाठी-डंडों से पीटा
पुलिस के अनुसार, घटना 23 फरवरी की रात करीब आठ बजे की है। पीड़ित सुशील कुमार अपने घर के बरामदे में बैठे थे, तभी आरोपी राजीव वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब सुशील ने इसकी शिकायत राजीव के बेटे अभिषेक से की, तो वह आपा खो बैठा और लाठी-डंडा लेकर सुशील के घर में घुस आया। आरोपी ने सुशील, उनकी पत्नी ललिता और बेटे राजवंश को बेरहमी से पीटा। छीना-झपटी के दौरान आरोपी के कपड़े और चप्पल भी मौके पर छूट गए, जिसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
पीड़ित का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद 112 नंबर और थाने में सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। इस ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों के साथ गाड़ियों में घूमकर पीड़ित परिवार को सरेआम गोली मारने की धमकियां देता रहा। जब मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा, तब जाकर सिखेड़ा पुलिस हरकत में आई। थाना पुलिस ने अब आरोपी पिता राजीव और पुत्र अभिषेक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगरः भाजपा जिला कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों व नामित सभासदों का भव्य सम्मान
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां