हसीन जहां की कोर्ट से अपील, शमी के खिलाफ केस कोलकाता से दिल्ली ट्रांसफर करवाने की मांग
नई दिल्ली। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मोहम्मद शमी को नोटिस जारी किया है। हसीन जहां ने घरेलू हिंसा और गुजाराभत्ता से जुड़े मामले को कोलकाता से दिल्ली ट्रांसफर किए जाने की मांग की है। हसीन जहां ने अर्जी में कहा है कि वह अपनी बेटी की अच्छी शिक्षा के लिए दिल्ली शिफ्ट हो गई हैं। इस वजह से वह पश्चिम बंगाल में होने वाली अदालती सुनवाई में शामिल नहीं हो पाएंगी। हसीन जहां की तरफ से कहा गया है कि क्रिकेटर मोहम्मद शमी देशभर में घूमते हैं और इसलिए उनके पास दिल्ली में केस लड़ने के लिए काफी रिसोर्स और तरीके हैं। उनका परिवार भी उत्तर प्रदेश में रहता है, जो कोलकाता के मुकाबले दिल्ली के ज्यादा पास है। कुछ महीनों पहले ही हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में ही एक याचिका दाखिल कर अपने और बेटी के लिए गुजारा भत्ता 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये प्रति माह करने की गुहार लगाई थी।
उस पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी कर मोहम्मद शमी और पश्चिम बंगाल सरकार से जवाब देने को कहा है। मोहम्मद शमी ने अप्रैल 2014 में हसीन जहां के साथ निकाह किया था, जिसके बाद जुलाई 2015 में उनकी बेटी का जन्म हुआ। साल 2018 में हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया। इसके साथ ही शमी पर मैच फिक्सिंग के साथ अन्य महिलाओं से संबंध रखने का भी आरोप लगाया। यह मामला जादवपुर थाने में आईपीसी की धाराओं 498ए, 328, 307, 376, 325 और 34 के तहत दर्ज हुआ था। इसके साथ ही, भरण-पोषण के लिए उन्होंने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 125 के तहत भी याचिका दायर की। मोहम्मद शमी फिलहाल रणजी ट्रॉफी में व्यस्त हैं, जहां उन्होंने हाल ही में बंगाल की ओर से खेलते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मुकाबले में कुल 9 विकेट हासिल किए थे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां