कानपुर में पति से झगड़ कर गंगा में कूदी महिला, मगरमच्छ देख पेड़ पर चढ़कर बिताई पूरी रात

कानपुर/उन्नाव। पति से हुए विवाद के बाद 43 वर्षीय महिला ने शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे गंगा नदी में छलांग लगा दी। जब उसे होश आया तो खुद को किनारे पाया। किनारे मगरमच्छ जैसा जीव देखकर महिला डर गई और पास के बाग में जाकर अमरूद के पेड़ पर चढ़ गई। वह पूरी रात वहां सहमी हुई बैठी रही।
जानकारी के अनुसार, महिला के पति की शादी करीब 23 साल पहले हुई थी। उनके बच्चे नहीं हैं। पति ने बताया कि वह शराब पीकर पत्नी से झगड़ा करता था। शुक्रवार शाम को पति ने पत्नी से चाय बनाने को कहा था, जिसे महिला ने इंकार कर दिया था। इसी बात पर विवाद हो गया।
महिला ने बताया कि वह घर से निकलकर जाजमऊ स्थित पुल तक गई और वहां गंगा में कूद गई। किनारे आकर उसने मगरमच्छ देखा और डरकर पास के पेड़ पर चढ़ गई। गंगाघाट कोतवाली के जाजमऊ चौकी इंचार्ज विनय यादव ने बताया कि पति-पत्नी को बुलाकर आपस में तालमेल बनाकर रहने की चेतावनी दी गई है।