करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांगी पिता संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति में हिस्सेदारी, पहुंचे हाई काेर्ट

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दो बच्चों ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अपने दिवंगत पिता संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की है। मामले में उच्च न्यायालय 10 सितंबर को सुनवाई करेगा।
करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ किया। याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ कर उनकी पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती हैं। यही वजह है कि संजय कपूर के वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।
संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च 2025 की बतायी जा रही है। इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी। उच्च न्यायालय में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत काे संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों बाद तक छिपाए रखा। वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब किया गया जब एक पारिवारिक बैठक थी।
संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान विंडसर, ब्रिटेन में हुई थी। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा है कि उनका संजय कपूर के काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे। संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे।
याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांग की है कि उन्हें संजय कपूर का प्रथम श्रेणी का उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और उनकी संपत्ति में से उन्हें पांचवे हिस्से का अधिकार दिया जाए। याचिका में अंतरिम मांग की गई है कि याचिका के निस्तारण तक संजय कपूर के व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज किया जाए।