मेरठ: 2027 की जनगणना की तैयारी, 9361 कार्मिक तैनात, डिजिटल सेंसस में नागरिक भी स्वयं डेटा दर्ज कर सकेंगे
मेरठ। जिलाधिकारी डा. वीके सिंह की अध्यक्षता में आज एनआईसी सभागार मेरठ में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की समय सीमा, कार्ययोजना तथा डिजिटल प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना का प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) फरवरी 2027 में आयोजित होगी। जनपद में जनगणना कार्य के लिए कुल 9361 कार्मिकों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। यह गांव, शहर और वार्ड स्तर पर प्राथमिक आंकड़ों का सबसे बड़ा एवं सबसे विश्वसनीय स्रोत है। जनगणना के माध्यम से आवास की स्थिति, मूलभूत सुविधाएं, परिसंपत्तियां, जनसांख्यिकीय विवरण, धर्म, भाषा, साक्षरता, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियां, प्रवासन जैसे विषयों पर सूक्ष्म स्तर का बेटा प्राप्त होता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी तथा पहली बार नागरिकों को स्वगणना (सेल्फ एन्युमरेशन) का विकल्प प्रदान किया गया है। जनगणना प्रक्रिया दिनांक 22 मई 2026 शुरु होने से पूर्व, 15 दिनों की अवधि में सेंसस सेल्फ एन्युमरेशन पोर्टल http://census.gov.in/se एवं मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन प्रश्नावली भरकर अपनी गणना कर सकेंगे।
घर-सूचीकरण चरण के दौरान सर्वेक्षक भवन के उपयोग, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व की स्थिति, जल, विद्युत एवं शौचालय की उपलब्धता, खाना पकाने के ईंधन के प्रकार तथा फोन, वाहन और टेलीविजन जैसी परिसंपत्तियों सहित कुल 33 बिंदुओं पर विवरण दर्ज करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया है कि मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 28 फरवरी तक, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 31 मार्च तक तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रत्येक स्थिति में 15 मई तक पूर्ण कर लिया जायेगा। बैठक में जनगणना निदेशालय लखनऊ से मेरठ के जिला प्रभारी श्री शिव कुमार द्वारा जनगणना प्रक्रिया के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया गया।
बैठक में जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्य मुख्य विकास अधिकारी, समन्वय समिति के संयोजक अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री सूर्यकान्त त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी/जनगणना नोडल अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह, अपर नगर आयुक्त, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला सूचना और जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां