मुरादाबाद: ईदगाह में दो पालियों में अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज, बारिश और कीचड़ के बीच भी कायम रहा उत्साह

मुरादाबाद। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शनिवार को मुरादाबाद की ईदगाह में नमाज शांतिपूर्ण माहौल में दो पालियों में अदा की गई। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 7 बजे के बाद से ही लोग बड़ी संख्या में ईदगाह पहुंचने लगे, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
हालांकि, नमाज से ठीक पहले हुई तेज बारिश के चलते ईदगाह मैदान के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और कीचड़ की स्थिति बन गई। इसके बावजूद नमाजियों का उत्साह कम नहीं हुआ और लोग पूरे जज़्बे के साथ नमाज अदा करने के लिए डटे रहे। नमाजियों ने अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर नमाज अदा की।
ईद की नमाज नायब इमाम शहर मुफ्ती फहद अली ने अदा कराई। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की, आपसी भाईचारे, इत्तेहाद और अमन-चैन के लिए विशेष दुआ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
ये भी पढ़ें सीएम योगी का बड़ा ऐलान: गोरक्षा और गो-आश्रय में योगदान देने वालों को मिलेगा 'राज्य सम्मान'सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल खुद भारी पुलिस बल के साथ ईदगाह पर मौजूद रहे और लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ये भी पढ़ें संकल्प से सिद्धि केवल नारा नहीं बल्कि सरकार की कार्यशैली व प्रतिबद्धता का प्रतीक: कपिल देव अग्रवालपूरे ईदगाह क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जहां करीब 500 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सड़कों से लेकर आसपास की इमारतों की छतों तक पुलिस बल तैनात रहा, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा ईदगाह के ठीक सामने एक अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था, जहां से पूरे आयोजन की निगरानी की जा रही थी।
तकनीकी निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही, सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया था। नमाज के दौरान शहर के अन्य हिस्सों में भी पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रही।
नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया था। इससे ईदगाह के आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी गई।
वहीं, आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम की 6 विशेष टीमें लगातार सक्रिय रहीं। इन टीमों ने क्षेत्र में घूमकर यह सुनिश्चित किया कि नमाजियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए धर्मगुरुओं के आह्वान पर इस बार नमाज दो शिफ्ट में कराई गई। पहली नमाज सुबह 8 बजे और दूसरी 9 बजे अदा की गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी को भी सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी, जिसका सभी ने पालन किया।
कुल मिलाकर, खराब मौसम और भारी भीड़ के बावजूद मुरादाबाद में ईद-उल-फितर का पर्व शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो शहर की गंगा-जमुनी तहजीब की एक बार फिर मिसाल पेश करता है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां