जावेद हबीब पर संभल में कसा शिकंजा: 20 FIR, 5 करोड़ की ठगी, लुक आउट नोटिस जारी

Javed Habib Fraud: संभल पुलिस ने मंगलवार को मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के खिलाफ 5 से 7 करोड़ रुपए के ठगी मामले में लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है। उनके बेटे अनस हबीब और पत्नी समेत तीन अन्य पर भी शिकंजा कसा गया है। पुलिस का कहना है कि अब तक थाना रायसत्ती में 20 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और मामले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
दिल्ली-मुंबई तक पुलिस की दबिश
करोड़ों की ठगी का खुलासा
प्राथमिक जांच में 5 से 7 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एसपी के मुताबिक, जैसे-जैसे पीड़ित सामने आ रहे हैं, रकम का आंकड़ा बढ़ सकता है। अब तक 20 मामलों में करीब 1 करोड़ रुपए के घोटाले का पता चला है।
70 प्रतिशत मुनाफे का लालच
आरोप है कि FLC कंपनी के नाम पर निवेशकों को 50 से 75 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया गया। यह भी कहा गया कि अगर नुकसान हुआ तो पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। पीड़ितों से बाइनेंस कॉइन और बिटकॉइन ट्रेनिंग के नाम पर पैसे निवेश करवाए गए।
2023 का संभल प्रोग्राम बना धोखाधड़ी का रास्ता
साल 2023 में जावेद अपने बेटे के साथ संभल आए थे और यहां FSL कंपनी का एक कार्यक्रम किया। इसमें उन्होंने कई लोगों को अपनी FLC कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। करीब 150 से ज्यादा लोगों ने निवेश किया, लेकिन समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम।
शिकायतें मिलने पर पुलिस सक्रिय
पीड़ितों ने थाना रायसत्ती में शिकायत दर्ज कराई। एएसपी आलोक भाटी ने शुरुआत में पांच शिकायतों की जांच की। इसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद एफआईआर दर्ज की गई और जांच आगे बढ़ी।
आरोपी बोले हम भी फंसे हैं
शिकायतकर्ताओं में मोहम्मद हिलाल, अमान, रिहान माजिद हुसैन और मोहम्मद नईम का कहना है कि उन्होंने बैंक और यूपीआई के जरिए सैफुल नाम के युवक को पैसे ट्रांसफर किए थे। सैफुल खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताता था, लेकिन उसका दावा है कि उसने भी 2 लाख रुपए का निवेश किया और वह भी फंस गया।
वीडियो से खुला संबंधों का राज़
पीड़ितों ने पुलिस को सैफुल का एक वीडियो दिया है, जिसमें वह हरियाणा के करनाल में जावेद हबीब के कार्यक्रम में मौजूद है और भाषण दे रहा है। इस वीडियो से स्पष्ट है कि सैफुल जावेद हबीब के सीधे संपर्क में था।
मार्च 2024 के बाद नहीं मिला रिटर्न
पीड़ितों का कहना है कि मार्च 2024 के बाद कंपनी ने किसी को भी निवेश पर रिटर्न नहीं दिया और मुख्य आरोपी गायब हो गए। अब पुलिस देश भर में उनकी लोकेशन पर नजर रख रही है।
जावेद हबीब का पुराना विवाद
यह पहला मौका नहीं है जब जावेद हबीब विवादों में हैं। 3 जनवरी 2021 को मुज़फ्फरनगर में एक शो के दौरान उन्होंने एक महिला के सिर पर थूका था और इसे बालों का "रखरखाव ट्रिक" बताया था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भी उन्होंने माफी नहीं मांगी थी।