शहीदों के शौर्य को नमन: मुरादाबाद वॉर मेमोरियल म्यूजियम का लेफ्टिनेंट जनरल अनिद्ध सेन गुप्ता ने किया निरीक्षण, भव्य उद्घाटन की तैयारी
पीएम मोदी और सीएम योगी जल्द करेंगे लोकार्पण; दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल की तर्ज पर 35 करोड़ की लागत से हो रहा तैयार
मुरादाबाद। मुरादाबाद के बुद्ध विहार में आकार ले रहा भव्य वॉर मेमोरियल म्यूजियम (युद्ध संग्रहालय) जल्द ही देश को समर्पित होने जा रहा है। शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल कमांडिंग इन चीफ अनिद्ध सेन गुप्ता ने म्यूजियम का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सेना के उच्चाधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। मुरादाबाद देश का ऐसा पहला शहर बनने जा रहा है, जहां छावनी क्षेत्र (Cantt) से बाहर इतना विशाल वॉर म्यूजियम विकसित किया गया है।
अस्त्र-शस्त्रों और मिसाइलों का बारीकी से अवलोकन लेफ्टिनेंट जनरल अनिद्ध सेन गुप्ता हेलीकॉप्टर से मुरादाबाद पहुंचे, जहां नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल और मंडलायुक्त ने उनका स्वागत किया। सैन्य अधिकारियों ने म्यूजियम में रखे गए अस्त्र-शस्त्रों, मिसाइलों, लड़ाकू विमानों, हेलिकॉप्टरों और नौसेना के मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण किया। लेफ्टिनेंट जनरल के साथ डीजी मिश्रा, मेजर जनरल आईएस गिल और ब्रिगेडियर हरजीत प्रीत पाल सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय न केवल भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास को जीवंत करेगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति की अलख भी जगाएगा।
80 प्रतिशत कार्य पूर्ण, आकर्षण का केंद्र होंगे मिग-27 और तेजस नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि म्यूजियम का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। 35 करोड़ की लागत से बन रहे इस संग्रहालय में टैंक, मिग-27, तेजस जैसे विमान आकर्षण का केंद्र होंगे। यहाँ एक 'ड्रोन थियेटर' भी बनाया गया है, जिससे दर्शकों को युद्ध का वास्तविक अनुभव मिलेगा। इसके अलावा ओपन थियेटर, लाइट एंड साउंड शो और इंटरएक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से आजादी से लेकर कारगिल युद्ध तक के शहीदों की गाथा सुनाई जाएगी।
पीएम मोदी और सीएम योगी का दौरा संभावित म्यूजियम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जल्द ही किया जाएगा। नगर निगम ने उद्घाटन की तैयारियां तेज कर दी हैं। निरीक्षण से पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सर्किट हाउस में योग पथ और काकोरी स्मारक का भी दौरा किया। अंत में उन्हें भगवान राम की प्रतिमा और गजेटियर भेंट कर सम्मानित किया गया। यह म्यूजियम मुरादाबाद में पर्यटन के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां