सहारनपुर में पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की सोनू की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर (गागलहेड़ी)। जनपद के गांव कोलकी कला में हुए सोनू उर्फ सोनी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मृतक की पत्नी बेबी और उसके प्रेमी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है, जो हत्या में मुख्य आरोपी हैं।
ओमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में भाभी बेबी, उसके प्रेमी शुभम, और अन्य दो लोगों – मोधू व उसकी पत्नी सोनिया पर सोनू की हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि बेबी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे और सोनू इसका विरोध करता था।
जांच में सामने आया कि बेबी और शुभम पिछले सात महीने से रिश्ते में थे। शुभम मृतक की ससुराल और मायके दोनों जगह आता-जाता था, जिससे सोनू नाराज रहता था। 4 सितंबर को शुभम, बेबी को लेकर ससुराल गया, और 6 सितंबर को दोनों मायके लौट आए। उसी दिन सोनू भी वहां पहुंचा और अपनी पत्नी को साथ ले जाने की जिद करने लगा, लेकिन बेबी ने साथ जाने से इनकार कर दिया।
रात में सोनू आंगन में सोया और सुबह उसका शव खंडहर कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच और शुभम की पूछताछ में हत्या की साजिश की पुष्टि हुई।
फिलहाल आरोपी बेबी और शुभम पुलिस हिरासत में हैं, और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों – मोधू और सोनिया – की भी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।