सहारनपुर: आंधी-तूफान से बचने की कोशिश पड़ी भारी, टिनशेड गिरने से दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में कुदरत का कहर दो दोस्तों की जान पर भारी पड़ गया। थाना सरसावा क्षेत्र के अंतर्गत नकुड़ रोड पर रविवार देर रात आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान एक स्कूटी शोरूम का भारी-भरकम टिनशेड भरभराकर गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से टिनशेड के नीचे खड़े दो युवकों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक आपस में गहरे दोस्त थे और देर रात किसी सामाजिक पंचायत से फारिग होकर अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। तूफान की तीव्रता और धूल भरी आंधी से बचने के लिए दोनों ने सुरक्षित स्थान की तलाश की और गुरुकुल ज्ञान गंगा स्कूल के समीप स्थित एक स्कूटी शोरूम के बाहर लगे टिनशेड के नीचे अपनी बाइक रोक दी। उन्हें उम्मीद थी कि यहां वे आंधी थमने तक सुरक्षित रहेंगे, लेकिन तेज हवा के झोंकों ने लोहे के उस भारी ढांचे को उखाड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टिनशेड का ढांचा इतना वजनी था कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे सीधे उसके मलबे के नीचे दब गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सरसावा थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशासन ने इस घटना पर दुख जताते हुए लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और तेज आंधी के दौरान पुराने पेड़ों, बिजली के खंभों या अस्थायी टिनशेड जैसी जगहों के नीचे शरण लेने से बचें। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां