सहारनपुर से उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब के आपदा पीड़ितों के लिए योगी आदित्यनाथ ने भेजी राहत सामग्री

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व प्रदेश की 25 करोड़ जनता हर पीड़ित के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब समाज और स्वयं सेवी संगठन पीड़ितों के साथ खड़े हो जाते है, तो सरकार द्वारा संचालित संस्थाएं बेहतर परिणाम दे सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा के तहत आपदा के समय सहारनपुर, लखनऊ और बलिया भी उससे निपटने के लिए तैयार रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यहां अम्बाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको से पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए 19 हजार राहत सामग्री किट के 48 वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से उत्तराखण्ड, हिमांचल और पंजाब के नागरिकों के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश एवं पूरे देश के अंदर जहां विकास के नित नये प्रतिमान स्थापित किए जा रहे है, वहीं सरकार के स्तर पर आपदा से निपटने के लिए किये गये प्रयास अत्यन्त प्रभावी रहे हैं। आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ, आपदा मित्र, स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय होकर राहत कार्य उपलब्ध करा रही है, जो समाज की मानवीय संवेदना को बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज और स्वयं सेवी संगठन जब पीड़ितों के साथ खडे हो जाते है, तो सरकार के द्वारा संचालित संस्थाएं बेहतर परिणाम दे सकती हैं। उत्तर प्रदेश में बाढ़ सबसे बड़ी चुनौती रही है लेकिन व्यापक पैमाने पर बाढ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए समय पर किए गए प्राविधानों का परिणाम है कि आज बाढ जैसी आपदा पर लगभग नियंत्रण के नजदीक पहुंच चुके हैं। सहारनुपर, बागपत, गौतमबुद्धनगर और यमुना के क्षेत्र में आने वाले सभी जनपदों तथा प्रयागराज में गंगा जी से मिलने पर तथा गंगा जी के मुहाने पर बिजनौर से लेकर बलिया तक हर जनपद में पुख्ता व्यवस्था की गयी है। सरयू, हिण्डन, रामगंगा नदियों में जंहा पर भी जल ओवरफ्लों होने के कारण कहीं पर जनधन की हानि हुई या उन लोगों को कोई समस्या हुई तो सरकार ने तत्काल राहत सामग्री पंहुचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री के रूप में जनहानि पर तत्काल 04 लाख रूपये उस परिवार को सरकार उपलब्ध करवाती है। बरसात के समय अगर कोई जंगली जानवर, हिंसक जानवर, सांप, बिच्छू किसी व्यक्ति को काटता है और उसकी दुर्भाग्यपूर्ण मौत होती है तो पीड़ित परिवार को सरकार चार लाख रुपए का मुआवजा उपलब्ध करवाती है।
उन्होंने कहा कि आपदा के कारण यदि किसी गरीब का मकान गिर गया तो उसे नया आवास बनाने के लिए सरकार धन उपलब्ध करवाती है। यदि जमीन और मकान नदी में विलीन हो गया है तो उस परिवार को सरकार द्वारा मकान बनाने के लिए जमीन का पट्टा और धनराशि उपलब्ध करवाई जाती है। हर पीड़ित गांव और नागरिक को राहत शिविर में पंहुचाने के साथ ही उसे भोजन, बच्चों के लिए दूध, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था के साथ ही राहत सामग्री के रूप में राहत किट उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे वह परिवार आपदा के दिनों में आसानी से अपना भरण पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि जो राहत सामग्री हम उत्तर प्रदेश में वितरित करते हैं उस सामग्री को ही आज इन 48 ट्रक के माध्यम से उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब के अपने पीड़ित बहन और भाइयों के लिए उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा के तहत आपदा या संकट आएगा, तो सहारनपुर, लखनऊ और बलिया भी उससे निपटने के लिए तैयार रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल में बादल फटने की घटनाएं, अति वृष्टि की घटनाएं बड़े पैमाने पर हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश के नागरिकों की ओर से 05 करोड़ की सहायता धनराशि उत्तराखण्ड और 05 करोड़ की हिमाचल सरकार के राहत कोष के लिए दी जा रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड में राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह और हिमाचल प्रदेश में राज्यमंत्री जसवंत सैनी राहत सामग्री और सहायता धनराशि लेकर जाने की जिम्मेदारी सौंपी। पंजाब में राहत सामग्री लेकर विधायक नगर राजीव गुम्बर को जिम्मेदारी दी गयी।
आपदा के समय सतर्कता और सावधानी हम सबके लिए आवश्यक है। जल की शुद्धता न होने की वजह से डायरिया, वायरल फीवर और पेट जनित बीमारियां हो जाती है। इनसे बचने के लिए पानी उबाल कर ठण्डा कर उसका सेवन करें तो वह लाभदायक होगा और पेट जनित बीमारियों से बचाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आपदा के समय में मुख्यमंत्री और सरकार ने अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आपदा पीड़ित परिवारों के लिए बडी संख्या में राहत सामग्री की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री देश और प्रदेश के नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार कार्य करते है।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त अटल कुमार राय एवं डीआईजी अभिषेक सिंह ने मुख्यमंत्री को ओडीओपी उत्पाद काष्ठ कला से निर्मित प्रभु श्रीराम जी की मूर्ति भेंट की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किये गये बेहतर कार्यों की सराहना की।
इस दौरान राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग ब्रजेश सिंह, सदस्य विधान परिषद भूपेन्द्र सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ.अजय कुमार सिंह, विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, नगर विधायक राजीव गुम्बर, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर, मंडलायुक्त अटल कुमार राय, पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सत्येन्द्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष भाजपा महेन्द्र सैनी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।