वाराणसी के यूपी कॉलेज में खूनी खेल: बीएससी छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, कैंपस में भारी बवाल

वाराणसी। धर्मनगरी के प्रतिष्ठित उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज के कैंपस में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे हमलावर ने बीएससी के छात्र की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी पिस्टल और कारतूस मौके पर ही फेंक कर बाइक से फरार हो गया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई और आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की।
मृतक छात्र की पहचान गाजीपुर निवासी 23 वर्षीय सूर्य कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था और कॉलेज हॉस्टल में ही रहता था। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर की पहचान मंजीत के रूप में हुई है, जो इसी कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मंजीत ने सूर्य कुमार पर ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की। चार गोलियां छात्र के सीने और चार उसकी कनपटी में लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के पीछे की वजह मामूली विवाद बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद मंजीत ने आपा खो दिया और गोलियां चला दीं। वारदात के समय कॉलेज कैंपस गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। हमलावर ने दहशत फैलाने के लिए दो हवाई फायरिंग भी की और फिर अपनी पिस्टल वहीं छोड़कर भाग निकला।
इस जघन्य हत्याकांड की खबर फैलते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि हमलावर ने कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल की मौजूदगी के पास ही फायरिंग की है। उग्र छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पांच थानों की पुलिस फोर्स और कमिश्नरेट के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
फिलहाल पूरा कॉलेज परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस हमलावर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मौके से बरामद पिस्टल व कारतूस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां