कक्षा 5 तक के बच्चों को फोन पर होमवर्क भेजने पर लगी पाबंदी, मुज़फ्फरनगर में प्रशासन सख्त, अब कॉपी-किताब से ही मिलेगा गृहकार्य
अब पारंपरिक तरीके (कॉपी-किताब) से ही मिलेगा गृहकार्य
मुज़फ्फरनगर। प्रदेश सरकार ने कम उम्र के बच्चों को मोबाइल फोन की लत से बचाने के लिए एक अहम कदम उठाया है। गाजियाबाद में तीन सगी बहनों द्वारा आत्महत्या करने की दुखद घटना से सबक लेते हुए स्थानीय प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को मोबाइल के माध्यम से गृहकार्य (होमवर्क) या अन्य शैक्षणिक कार्य भेजने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रशासन संजय कुमार सिंह ने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार को सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के एक पत्र के आधार पर लिया गया है। गौरतलब है कि गाजियाबाद में तीन बहनों द्वारा नवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की घटना के पीछे प्रारंभिक जांच में मोबाइल गेम की लत और परिजनों द्वारा टोकने को मुख्य कारण माना गया था।
पारंपरिक तरीके से पढ़ाई के निर्देश
एडीएम प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी विषम और अपरिहार्य परिस्थिति को छोड़कर कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को मोबाइल के माध्यम से कोई भी शैक्षणिक कार्य न भेजा जाए। सभी स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि समस्त शैक्षणिक गतिविधियां विद्यालय परिसर में ही संपन्न कराई जाएं और बच्चों को पारंपरिक तरीके (कॉपी-किताब) से ही गृहकार्य दिया जाए।
प्रशासन ने इस घटना को समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी माना है। अधिकारियों का मानना है कि बच्चों में मोबाइल के प्रति बढ़ता मानसिक, भावनात्मक और व्यवहारिक लगाव बेहद खतरनाक है। इस कदम से बच्चों की मोबाइल पर निर्भरता काफी हद तक कम होगी और भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा। आदेश जारी होते ही जिले के विद्यालयों में इसे लागू करने को लेकर हलचल तेज हो गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां