मुजफ्फरनगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व: पुत्रों की दीघार्यु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
मुजफ्फरनगर। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ मुजफ्फरनगर में भी पूरे भक्ति भाव और हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ए टू जेड रोड स्थित बजरंगी विहार गली नंबर-2 (वार्ड-2) में पूर्वांचल और बिहार प्रांत के निवासियों ने मिल-जुलकर इस महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान भास्कर (डूबते सूर्य) और छठी मैया को श्रद्धापूर्वक अर्घ्य दिया।
पारंपरिक अनुष्ठान और कामना
व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखते हुए पर्व के पारंपरिक प्रसाद, जैसे देशी घी, गुड़ और आटे से बने ठेकुआ को मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किया। इसके बाद उन्होंने बांस के सूप में विभिन्न फल जैसे केले, सेब, संतरा, अनार, शरीफा, गागल आदि को सजाकर छठी मैया के घाट पर पहुँचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान व्रती महिलाओं ने छठी मैया के पारंपरिक गीत गाए और अपने पुत्रों की दीघार्यु तथा घर-परिवार में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
व्रती महिलाओं में अनारी देवी, प्रभावती देवी, संगीता देवी, काजल गुप्ता, रेखा देवी और रागनी आदि शामिल रहीं, जिन्होंने चार दिन का कठिन निर्जला व्रत रखा।
धार्मिक मान्यता और इतिहास
सनातन धर्म की मान्यता के अनुसार, इस पर्व का प्रचलन तब से माना जाता है जब भगवान राम और माता सीता चौदह वर्ष का वनवास काटकर अयोध्या लौटे थे। मुगदल ऋषि के आदेश पर माता सीता ने सूर्य यज्ञ किया, जिसमें उन्हें गंगाजल से पवित्र कर कार्तिक मास की षष्ठी तिथि को भगवान सूर्य की उपासना करने का आदेश दिया गया था। माता सीता ने छह दिन का उपवास कर अस्त होते हुए सूर्य देव को अर्घ्य दिया और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत संपन्न किया। तभी से छठ पूजा की शुरूआत मानी जाती है।
शांति व्यवस्था में पुलिस का सहयोग
इस पावन पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजकुमार साव और थानाध्यक्ष नई मंडी ब्रिजेश कुमार शर्मा भी घाट पर उपस्थित रहे और व्यवस्था का जायजा लिया।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटूलाल गुप्ता, शिवकुमार यादव, प्रदीप गुप्ता, सुनील यादव, दयाकिशन, राजकरण यादव, प्रयाग, नवीन जोशी, लोकेश, सुरेंद्र, सुखराम यादव, संतोष यादव, नवीन सैनी, विकास चंदेल, अमित (ठेकेदार), जीवन जोशी, राजेश प्रधान, पूरण, सुंदर सभासद एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने विशेष सहयोग दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
