इंडोनेशिया के सेंट्रल जावा में भूस्खलन की घटना, 2 की मौत और 21 लापता
जकार्ता। इंडोनेशिया के मध्य जावा में गुरुवार रात को भूस्खलन की घटना सामने आई। भूस्खलन की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, और तीन अन्य घायल हो गए। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार 21 लोग लापता हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार सुबह यह जानकारी दी। सिन्हुआ के अनुसार, प्रांतीय डिजास्टर मैनेजमेंट एंड मिटिगेशन एजेंसी की इमरजेंसी यूनिट के प्रमुख मोहम्मद चोमसुल के अनुसार, सिलाकैप रीजेंसी के सिब्यूनयिंग गांव के सिबुयुत और तारुकाहान बस्तियों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। एजेंसी के अधिकारी ने सिन्हुआ से टेलीफोन पर बातचीत की।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने पुलिस प्रमुख असेप एडी सुहेरी के हवाले से जानकारी दी कि इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक स्कूल के अंदर स्थित मस्जिद में धमाका हुआ है, जिसमें 54 लोग घायल हो गए। यह विस्फोट शुक्रवार दोपहर के आसपास उत्तरी जकार्ता में नौसेना परिसर में स्थित मस्जिद में हुआ था। धमाके के बाद कमरे में धुआं भर गया था और लोग बाहर की तरफ भाग रहे थे। इस दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ था और धमाके को लेकर आतंकी हमले की आशंका भी जताई गई।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा था कि शॉर्ट सर्किट या किसी खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कारण विस्फोट हुआ होगा। स्थानीय मीडिया ने धमाके के बाद की तस्वीरें भी साझा की थीं, जिसमें पुलिस इलाके की घेराबंदी करती हुई दिखाई दे रही थी और रेस्क्यू टीम भी वहां मौजूद थी। मस्जिद की तस्वीरों में ढांचों को हल्के-फुल्के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। हालांकि, जिस कमरे में नमाज पढ़ी जा रही थी, उसे जांच के लिए सील कर दिया गया है।
