मुजफ्फरनगर: शिक्षक हत्याकांड में हेड कांस्टेबल को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 1 लाख का जुर्माना
मुजफ्फरनगर। जनपद के चर्चित शिक्षक धर्मेंद्र कुमार हत्याकांड में करीब दो साल बाद न्याय की जीत हुई है। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दोषी पुलिस हेड कांस्टेबल चंद्र प्रकाश यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायालय ने अभियुक्त पर एक लाख रुपये का भारी अर्थदंड भी लगाया है।
यह सनसनीखेज वारदात 17 मार्च 2024 की रात एसएसपी आवास के पास घटित हुई थी। वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात मुख्य आरक्षी चंद्र प्रकाश यादव, जो मूल रूप से जनपद मऊ का निवासी है, ने एक मामूली विवाद के बाद अपनी सरकारी कार्बाइन से शिक्षक धर्मेंद्र कुमार पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। वारदात के दौरान अभियुक्त ने शिक्षक के विरुद्ध जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया था। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल गया था और शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दो महीने के भीतर दाखिल हुई थी चार्जशीट
इस हत्याकांड के बाद शिक्षा जगत और पुलिस महकमे में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 मार्च 2024 को ही आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो महीने के रिकॉर्ड समय में 18 मई 2024 को न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दी थी। अभियोजन पक्ष की ओर से डीजीसी राजीव शर्मा, एडीजीसी प्रवेंद्र कुमार और नरेंद्र शर्मा ने अदालत में मजबूत साक्ष्य और गवाह पेश किए।
शिक्षकों के भारी विरोध से ठप हो गया था मूल्यांकन
शिक्षक की इस निर्मम हत्या के विरोध में उस समय पूरे जनपद में उबाल आ गया था। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित कुमार जैन के नेतृत्व में शिक्षकों ने यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया था और सर्कुलर रोड जाम कर दी थी। तत्कालीन डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता कर और आरोपी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल स्थिति को संभाला था। विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर चंद्र प्रकाश यादव को हत्या और एससी/एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत दोषी मानते हुए यह कठोर सजा सुनाई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां