बिजनौर की सड़कों पर दौड़ी सपा की साइकिल: 'एसआईआर' के खिलाफ अखिलेश के सिपाहियों का हल्ला बोल, मतदाता सूची में धांधली का लगाया आरोप
शेख ज़ाकिर हुसैन और अनुज मलिक के नेतृत्व में निकली विशाल रैली— बोले नेता: दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के नाम काटे जाने की हो रही साजिश
बिजनौर (रॉयल बुलेटिन): समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को बिजनौर शहर में 'एसआईआर जागरूकता साइकिल रैली' के माध्यम से अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में जानबूझकर धांधली की जा रही है और गरीब, दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यक (PDA) मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं। सपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए जनता से जागरूक होने की अपील की।
रैली का नेतृत्व सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शेख ज़ाकिर हुसैन और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मलिक ने संयुक्त रूप से किया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता साइकिलों पर सवार होकर "अखिलेश यादव जिंदाबाद" और "पीडीए जिंदाबाद" के नारे लगाते हुए शहर की सड़कों पर उतरे। अनुज मलिक के आवास से शुरू हुई यह रैली बैराज रोड, जजी चौक और सिविल लाइन जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए पार्टी कार्यालय पर जाकर संपन्न हुई।
नफरत की राजनीति के खिलाफ संघर्ष:
जिलाध्यक्ष शेख ज़ाकिर हुसैन ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार 'नफरत की राजनीति' कर रही है। उन्होंने कहा कि 'एसआईआर' की आड़ में उन लोगों के मताधिकार छीने जा रहे हैं जो सरकार की नीतियों के खिलाफ हैं। रैली में डॉ. रमेश तोमर, धनंजय सिंह यादव और शमशाद अंसारी समेत सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची में पारदर्शिता नहीं बरती गई, तो पार्टी इसे लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां