मुजफ्फरनगर का 'कायाकल्प': 24 करोड़ से बदलेगी शहर की सूरत, पुलों के नीचे बनेंगे बास्केटबॉल कोर्ट और ओपन जिम
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का मास्टरप्लान: 28 फरवरी की बोर्ड बैठक में रखे जाएंगे 30 ऐतिहासिक प्रस्ताव, तीन रास्तों पर बनेंगे भव्य प्रवेश द्वार
मुजफ्फरनगर (रॉयल बुलेटिन): मुजफ्फरनगर शहर को आधुनिक, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में नगरपालिका परिषद ने एक बड़ी छलांग लगाई है। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी कार्ययोजना तैयार की गई है। इस महायोजना को आगामी 28 फरवरी को होने वाली बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए सदन के समक्ष रखा जाएगा। इस एजेंडे में शहर के बुनियादी ढांचे से लेकर मनोरंजन और खेलकूद तक के 30 अहम प्रस्ताव शामिल हैं।
पुलों के नीचे खेल और सेहत का नया ठिकाना:
नगरपालिका की इस योजना में सबसे अनूठी पहल शहर के ओवरब्रिजों के नीचे खाली पड़ी जमीन का सदुपयोग करना है। प्रस्ताव के अनुसार, जानसठ ओवरब्रिज के नीचे युवाओं के लिए शानदार बास्केटबॉल कोर्ट और गांधी कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे अत्याधुनिक ओपन जिम विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही, शहर के तीनों प्रमुख ओवरब्रिजों पर जिलाधिकारी आवास की तर्ज पर आकर्षक 'फसाड लाइटिंग' की जाएगी, जिससे रात के समय शहर की चमक देखते ही बनेगी।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: पिता की रोक-टोक से नाराज दो बेटियों ने गला रेतकर की हत्या; खीर में दी थी नींद की गोलीप्रवेश द्वारों और सड़कों का होगा श्रृंगार:
शहर में आने वाले मेहमानों का स्वागत अब भव्य तरीके से होगा। मेरठ रोड, रुड़की रोड और कच्ची सड़क पर करीब 5.50 करोड़ रुपये की लागत से तीन आलीशान प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा, मेरठ रोड और सर्कुलर रोड के सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जल निकासी को दुरुस्त करने के लिए डीएम आवास से सूजडू चुंगी तक 1.50 करोड़ की लागत से आरसीसी नाला और स्लैब डालने का कार्य भी इस योजना का हिस्सा है।
कंपनी बाग में चलेगी टॉय ट्रेन, शिव चौक का होगा सौंदर्यीकरण:
बच्चों के पसंदीदा कंपनी बाग में 1.20 करोड़ रुपये से टॉय ट्रेन का नवीनीकरण होगा। वहीं, आस्था के केंद्र शिव चौक की दीवारों को खूबसूरत वॉल डेकोरेशन से सजाया जाएगा। पालिका ने बारिश और आपात स्थिति के लिए 19.80 लाख रुपये की लागत से 52 बिस्तरों वाला आवासीय कंटेनर खरीदने का भी निर्णय लिया है। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का कहना है कि 28 फरवरी की यह बैठक मुजफ्फरनगर के विकास इतिहास में 'मील का पत्थर' साबित होगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां