मुजफ्फरनगर में होलिका दहन के दौरान बड़ा हादसा: बिजली के खंभे और तारों में लगी भीषण आग, नई मंडी क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
मुजफ्फरनगर। जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला घेर खत्ती में सोमवार रात होलिका दहन के दौरान एक गंभीर हादसा होते-होते बचा। परंपरा के अनुसार जलाई गई होली की गगनचुंबी लपटों ने पास स्थित बिजली के खंभे और हाईटेंशन तारों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते तारों से चिंगारियां गिरने लगीं और पूरा खंभा आग की लपटों से घिर गया जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गर्मी के कारण ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार पिघलने लगे। करंट के खतरे के चलते स्थानीय लोग चाहकर भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। आनन-फानन में मामले की सूचना डायल 112 और बिजली विभाग को दी गई। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति काट दी जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड के कारण बिजली के तारों समेत केबल टीवी और इंटरनेट की लाइनें भी पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। इसके चलते घेर खत्ती और आसपास के इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते बिजली कट जाने से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई अन्यथा लपटों के बीच गिरे टूटते तार बड़े हादसे का सबब बन सकते थे।
हैरानी की बात यह है कि एसपी संजय वर्मा ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विद्युत तारों के नीचे होली न जलाई जाए लेकिन नई मंडी की यह घटना सीधे तौर पर प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी और लापरवाही का परिणाम मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने अब प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए सख्त गाइडलाइन तय की जाए ताकि धार्मिक उल्लास के बीच सुरक्षा से समझौता न हो।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां