मुजफ्फरनगर पहुंचे शिवपाल यादव,बोले-"आज़म खां नेताजी के सच्चे अनुयायी, उन्हें कोई हिला नहीं सकता,सरकार ने झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भेजा"

शिवपाल यादव के मुजफ्फरनगर आगमन पर सैकड़ों स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व जिला अध्यक्ष बच्ची सैनी ने शामली भौराकला रोड पर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान एक पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें शिवपाल ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
आजम खां पर बयान
मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने आजम खां का जमकर बचाव किया। उन्होंने कहा, "आजम खां समाजवादी हैं, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के सच्चे अनुयायी हैं, चौधरी चरण सिंह के अनुयायी हैं। उनको कोई हिला नहीं सकता। 10 बार के विधायक आजम खां को सरकार ने झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में डाल रखा है। समाजवादी पार्टी उनके साथ है।" उन्होंने आजम के परिवार का भी जिक्र किया, जिसमें उनकी पत्नी डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल और विधायक रही हैं, तथा बेटा दो बार विधायक है।
शिवपाल ने कहा, "वे बिल्कुल निर्दोष हैं। छोटे-छोटे मुकदमे जैसे फर्नीचर चोरी के नाम पर जेल में डाल दिया गया। समाजवादी पार्टी के सभी विधायक-सांसद जो जेल में हैं, उनके लिए हम खड़े हैं। वे पक्के समाजवादी और नेताजी के अनुयायी हैं।"
बुलंदशहर डीएम पर टिप्पणी
बुलंदशहर की डीएम पर बोलते हुए शिवपाल ने कहा कि वे व्यस्त होंगी, इसलिए फोन नहीं उठा पाईं। उन्होंने कहा, "यह कोई बड़ी बात नहीं है। हम पूरे उत्तर प्रदेश में समस्याओं के समाधान के लिए फोन करते हैं। विधानसभा सत्र में भी यह मुद्दा उठाया गया था। अब आप लोगों ने सचेत कर दिया है। नाराजगी क्यों? वे ज्यादा व्यस्त होंगी।"
पीडीए पंचायत में संबोधित करते हुए शिवपाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा, "2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा नंबर एक पर रही, पूरे देश में तीसरे नंबर पर। 2027 में हम पहले नंबर पर आएंगे।" उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, "हमने कई प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री देखे हैं। मीडिया चैनल सुबह से शाम तक दो लोगों के गीत गाते रहते हैं।"
उद्घाटन के दौरान शिवपाल ने कहा, "ये महापुरुष थे। चौधरी चरण सिंह, महेंद्र सिंह टिकैत ने देश-समाज के लिए बहुत काम किया। ऐसे महापुरुषों के स्मृति द्वारों को तोड़ना अराजकता है। शासन की जिम्मेदारी है कि अराजकता के खिलाफ रिपोर्ट लिखे।"
कार्यकर्ताओं का उत्साह
कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार स्वागत और नारेबाजी देखने को मिली। बच्ची सैनी ने बताया कि किरणपाल कश्यप ने भौराकला गांव के चारों ओर ये स्मृति द्वार बनवाए हैं। शिवपाल के दौरे ने क्षेत्र में सपा का उत्साह बढ़ा दिया है।