गाज़ियाबाद में असामाजिक तत्वों ने तोड़ा छठ घाट, नाराज लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन



गाज़ियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र के चौकी विक्रम एन्क्लेव स्थित प्रयास पार्क में असामाजिक तत्वों द्वारा छठ घाट को तोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
यह घटना मंगलवार (21 अक्टूबर 2025 की रात) की बताई जा रही है। मंगलवार की रात 8 बजे तक स्थानीय निवासियों द्वारा छठ घाट का निर्माण कराया गया था, लेकिन बुधवार (22 अक्टूबर 2025) की सुबह जब लोग घाट पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि छठ घाट पूरी तरह से टूटा हुआ है।
पुलिस चौकी के पास ही घटना
स्थानीय लोगों की नाराज़गी का मुख्य कारण यह भी है कि प्रयास पार्क के कोने पर पुलिस चौकी बनी हुई है, इसके बावजूद असामाजिक तत्वों ने दूसरी बार छठ घाट को नुकसान पहुंचाया है।
वार्ड 37 के भाजपा पार्षद ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस चौकी होने के बावजूद असामाजिक तत्वों ने दूसरी बार छठ घाट तोड़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही ऐसी घटनाएँ हो रही हैं।
छठ घाट टूटने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग पार्क में जमा हो गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन की लचर व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छठ घाट तोड़ने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाए।
प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद:
विरोध प्रदर्शन में पूर्वांचल समिति के अध्यक्ष उदयभान सिंह, महासचिव बबली चौहान, छठ घाट समिति के सदस्य कांति देवी, डालचंद्र, शिव गुप्ता, आरडी शर्मा, धर्मपाल चौधरी, राजेन्दर सोलंकी, संतोष, मनोज, सीमा देवी, सुधा देवी, बाला देवी, बिना देवी आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।