गाजियाबाद में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, गिरफ्तारियों का आंकड़ा पहुंचा 21 के पार

गाजियाबाद। सीमा पार से संचालित होने वाले जासूसी नेटवर्क के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में शुरू हुआ गिरफ्तारियों का सिलसिला अब 21 तक पहुंच गया है। गाजियाबाद पुलिस के साथ सेंट्रल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी और सेंट्रल इंटेलिजेंस की संयुक्त जांच के बाद एक-एक कर कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस ने जासूसी प्रकरण से जुड़े तीन और महत्वपूर्ण आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है।
ताजा कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली का रहने वाला समीर शूटर, शामली का निवासी समीर पठान और गाजियाबाद का रहने वाला शिवराज शामिल है। जांच में सामने आया है कि समीर शूटर मुख्य आरोपी साहिल के संपर्क में सोशल मीडिया के जरिए आया था। पुलिस को उसके मोबाइल से मिली चैट हिस्ट्री और कॉल डिटेल्स के आधार पर सोहेल नाम के व्यक्ति के साथ जुड़े होने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। वहीं तीसरे आरोपी शिवराज पर आरोप है कि सोनीपत रेलवे स्टेशन पर खुफिया तरीके से कैमरा लगाने के दौरान वह भी मौके पर मौजूद था।
गाजियाबाद के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नैय्यर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की फाइनेंशियल ट्रेल यानी पैसों के लेन-देन की गहराई से पड़ताल कर रही है। इसमें पाकिस्तान से जुड़े बैंक खातों और इस नेटवर्क को मिलने वाली फंडिंग के रास्तों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच अभी भी जारी है और आने वाले समय में इस प्रकरण में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की तस्दीक कर रही हैं कि इस गैंग ने देश के किन-किन संवेदनशील प्रतिष्ठानों की जानकारी साझा की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां