गाजियाबाद में हाई वोल्टेज ड्रामा: एनएच-9 पर बिजली के टावर पर चढ़ा नशेड़ी युवक, पुलिसकर्मी ने जान पर खेलकर बचाई जान
गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे (NH-9) के पास एक युवक अचानक बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। मामला शिप्रा चौकी क्षेत्र के 62 कट का है, जहाँ युवक को टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठा देख राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची इंदिरापुरम पुलिस ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
शराब के नशे में टावर पर चढ़ा युवक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे औरैया जनपद के ग्राम मोली निवासी 26 वर्षीय अजय कश्यप पुत्र बीरबल शराब के अत्यधिक नशे में बिजली के टावर पर जा चढ़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी ऊपर तक पहुंच गया था, जिससे उसके गिर जाने या हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने का गंभीर खतरा बना हुआ था। सड़क किनारे भारी भीड़ जमा होने के कारण यातायात भी प्रभावित होने लगा था।
आरक्षी की जांबाजी: सिविल ड्रेस में टावर पर चढ़कर बचाई जान
हालात की गंभीरता और युवक की जान को खतरे में देख इंदिरापुरम थाने में तैनात एक आरक्षी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। वह पुलिसकर्मी अपनी वर्दी उतारकर सिविल ड्रेस में जान की परवाह किए बिना टावर पर चढ़ गया। टावर के ऊपर पहुंचकर पुलिसकर्मी ने काफी देर तक युवक को बातों में उलझाया और उसे समझा-बुझाकर नीचे उतरने के लिए राजी किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहा।
बहादुरी का वीडियो वायरल, पुलिस की सराहना
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को बचाने वाले जांबाज पुलिसकर्मी की जमकर सराहना कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय रहते दी गई सूचना और आरक्षी की तत्परता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां