गाजियाबाद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का भव्य शुभारंभ, 100 फॉगिंग मशीनों के साथ जागरूकता रैली

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 5 अक्टूबर 2025 को संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय नगर गाजियाबाद से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोगों, विशेषकर डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए हर नागरिक को जागरूक रहना जरूरी है। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मोहन ने सिविल डिफेंस, आशा कार्यकर्ताओं और सफाई कर्मियों को सम्मानित करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इस अभियान के तहत 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को रोकना है और जनता में जागरूकता बढ़ाना है।