नोएडा । ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक- 3 क्षेत्र के कोको काऊंटी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक रेस्टोरेंट में रसोई गैस लीक होने से आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर वहां मौजूद लोगों ने बिल्डिंग में स्थित फायर फाइटिंग उपकरण का प्रयोग करते हुए आग बुझा दिया। इस घटना में दो लोग झुलस गए, जबकि दो लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जनपद गौतमबुद्व नगर के मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र के कोको काउंटी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित नागपाल रेस्टोरेंट में रसोई गैस सिलेंडर लीक होने से शुक्रवार दोपहर को आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि इस घटना में वहां पर काम करने वाले दो लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए, जबकि वहां से भाग रही एक महिला और एक 17 वर्षीय किशोर घायल हो गए। चारों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं है।
टिप्पणियां