नोएडा। 31 वर्षों से फरार चल रहे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स के सक्रिय सदस्य को उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (यूपी एटीएस) और कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे पूर्व में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने वर्ष 1993 में गिरफ्तार किया गया था। इसके पास से एक एके- 56 राइफल, 121 कारतूस बरामद हुआ था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से यह फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट ने वारंट जारी किया था। इसके खिलाफ हत्या, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर- 20 पुलिस ने 18 अप्रैल वर्ष 1993 को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स के एक सदस्य सुखविंदर सिंह उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा पुत्र बंता सिंह निवासी कपूरथला पंजाब को गिरफ्तार किया था। इसे न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त 1995 को न्यायालय से जमानत मिली। उसके बाद यह न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था। कोर्ट ने इसके खिलाफ वारंट जारी किया था। यह करीब 31 वर्षों से फरार चल रहा था।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (नोएडा यूनिट) और गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने एक संयुक्त अभियान के तहत इसे पंजाब के जनपद एसएएस नगर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने इसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
टिप्पणियां