नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह 'एमिटी एक्सलेंस अवार्ड' से सम्मानित, एमिटी विश्वविद्यालय में मिला सम्मान
नोएडा। सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय के एमिटी इंटरनेशनल बिजनेस स्कूल द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय 26वें अंतरराष्ट्रीय बिजनेस क्षितिज ‘‘इनबुश विश्व सम्मेलन 2026’’ के दौरान गुरुवार को महिला नेतृत्व एवं कल्याण पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 'एमिटी एक्सलेंस अवार्ड फॉर पब्लिक सेफ्टी एंड गवर्नेंस' से सम्मानित किया गया।
वित्तीय साक्षरता और महिलाओं की उड़ान पर दिया जोर
सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने संबोधन में महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता और शिक्षा पर बल दिया। उन्होंने कहा, "पिछले दस वर्षों में वित्तीय क्रांति ने महिलाओं को सशक्त किया है। उत्तर प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां 'बैंक सखी' ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।" उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि हम केवल दूसरों की समानता करने में लग जाएंगे, तो अपना निजी विकास और अपनी क्षमता को पहचानना भूल जाएंगे।
समानता से अधिक स्वाभिमान जरूरी
लक्ष्मी सिंह ने स्पष्ट किया कि समाज के बनाए मॉड्यूल में स्वयं को फिट करने की कोशिश आपकी उड़ान को थाम सकती है। उन्होंने कहा, "जब आप स्वयं के प्रति सम्मान रखेंगे और अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पित रहेंगे, तो समानता अपने आप आएगी। देश केवल फसलों के उत्पादन से नहीं, बल्कि महिलाओं के योगदान को सही पहचान देने से आगे बढ़ेगा।"
दिग्गज हस्तियों ने भी साझा किए अनुभव
इस सत्र में एमिटी ह्यूमिनिटी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. पूजा चौहान, 'द अर्थशास्त्र ग्रुप' की संस्थापक शुभ्रस्था, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पिंकी आनंद, बोइंग 787 की वरिष्ठ कमांडर अर्चना कपूर और एमिटी ग्रुप वाइस चांसलर डॉ. गुरिंदर सिंह ने भी विचार साझा किए। डॉ. पिंकी आनंद ने कहा कि वैश्विक युग में यह बहस का मुद्दा नहीं है कि महिला और पुरुष में कौन बेहतर है, बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि आप अपने कार्य से समाज को क्या सहयोग देते हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां