होली से पहले नोएडा में मिलावटखोरों पर हड़कंप: भारी मात्रा में रिफाइंड ऑयल सीज, पनीर और रसगुल्ले के नमूने लिए
डीएम मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य विभाग की छापेमारी, ग्रेटर नोएडा और सेक्टर-44 में संदिग्ध खाद्य सामग्री पर एक्शन
नोएडा। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद गौतमबुद्ध नगर में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। डीएम मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध कुकिंग ऑयल सीज किया गया और प्रदूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
ग्रेटर नोएडा: 393 लीटर रिफाइंड ऑयल सीज
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने ऐच्छर मार्केट, ग्रेटर नोएडा स्थित 'श्याम ट्रेडर्स' पर छापा मारा। यहाँ 'हरि दर्शन' ब्रांड का रिफाइंड राइस ब्रान कुकिंग ऑयल पुराने (Reused) टीनों में भरा पाया गया। टीम ने 315 किलोग्राम तेल में से नमूना लेकर शेष 313 किलोग्राम तेल को सीज कर दिया। इसी दुकान पर 'गोपी' ब्रांड की बोतलों पर बैच नंबर स्पष्ट न होने के कारण 80 लीटर तेल को भी सीज किया गया। इसके अलावा, अल्फ़ा-2 स्थित 'अल्बर्ट पिंटू रेस्टोरेंट' से पनीर का नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया।
ये भी पढ़ें गाजियाबादः अप्रैल में चुनी जाएगी ‘AUAA’ की नई कार्यकारिणी, एक मार्च को सजेगा होली मिलन समारोहसेक्टर-44: प्रदूषित रसगुल्ले कराए नष्ट
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 10 नई पीआरवी गाड़ियां, एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवानाखाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दूसरी टीम ने सेक्टर-44 स्थित 'चौधरी फूड प्लाजा' का निरीक्षण किया। यहाँ लगभग 10 किलोग्राम रसगुल्ले प्रदूषित और अस्वस्थकर पाए गए, जिन्हें विभाग ने जनहित में तुरंत नष्ट करा दिया। टीम ने जांच के लिए रसगुल्ले का विधिक नमूना भी संग्रहित किया है।
गुणवत्ता से खिलवाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि होली के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच रिपोर्ट में नमूने फेल पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। छापेमारी दल में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, रवींद्र नाथ वर्मा, विजय बहादुर पटेल, ओपी सिंह और एसके पांडेय शामिल रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां