मुज़फ्फरनगर की दो बच्चों की मां ने फेसबुकिया प्यार के लिए छोड़ी लोकलाज, कोतवाली में पति के सामने प्रेमी संग शादी की जिद पर अड़ी
बागपत में अजब प्रेम की गजब कहानी: पति ने हारकर प्रेमी को सौंपी पत्नी, कोतवाली में बंटी मिठाई और फिर मंदिर में रचाई शादी
बागपत। जनपद के अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र में फेसबुक से शुरू हुआ प्रेम परवान चढ़ा तो दो बच्चों की मां ने अपनी बसी-बसाई गृहस्थी को ठुकरा दिया। तीन साल पहले हुई शादी और दो मासूम बच्चों का मोह छोड़कर महिला कोतवाली में ही अपने पति के सामने प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ गई। घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब पति ने देखा कि पत्नी किसी भी सूरत में साथ रहने को तैयार नहीं है, तो उसने भरे मन से उसे प्रेमी के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद कोतवाली में ही मिठाई बांटी गई और देर शाम दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली।
फेसबुक पर दोस्ती और तीन बार घर छोड़ने की जिद
मुजफ्फरनगर के पीनना गांव निवासी सोनी (23 वर्ष) की शादी तीन साल पहले सहारनपुर के देवबंद निवासी पीरू के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। करीब एक साल पहले सोनी की फेसबुक पर बागपत के टटीरी निवासी हरीश (21 वर्ष) से दोस्ती हुई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला अपने बच्चों को छोड़कर तीन बार प्रेमी के घर पहुंची, लेकिन हर बार परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। मंगलवार सुबह वह फिर से टटीरी पहुंच गई और वापस न जाने की जिद पर अड़ गई।
कोतवाली में हुआ सुलह-समझौते का प्रयास
सूचना मिलने पर सोनी का पति और मायके वाले भी बागपत पहुंच गए। काफी नोकझोंक के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। कोतवाली में पुलिस ने घंटों तक दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सोनी और हरीश एक-दूसरे का हाथ थामने पर अड़े रहे। अंत में पति पीरू ने थक-हारकर अपनी पत्नी से कह दिया कि "अब इसके संग ही रहना" और वहां से चले गए।
मिठाई खिलाकर रचाई शादी
पति के जाने के बाद युवक के परिजनों ने कोतवाली परिसर में ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। युवक और महिला ने अपनी मर्जी से साथ रहने का शपथ पत्र पुलिस को दिया। इसके बाद देर शाम दोनों ने कस्बे के एक मंदिर में जाकर रीति-रिवाज से शादी रचा ली। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहने की बात लिखकर देकर चले गए हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां