मुजफ्फरनगर: शाहपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात, मासूम की हत्या कर पानी के टैंक में फेंका, मां पर भी जानलेवा हमला
मुजफ्फरनगर। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकलां गांव में मंगलवार दोपहर रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक घर के भीतर घुसकर अज्ञात हमलावरों ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया, वहीं उसकी चार वर्षीय मासूम बेटी की निर्मम हत्या कर शव को घर के आंगन में बने पानी के टैंक में फेंक दिया।
घटना की सूचना दोपहर करीब दो बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। पड़ोसी समीर ने पुलिस को बताया कि इमरान की पत्नी फिर्दोष पर जानलेवा हमला हुआ है और उनकी छोटी बेटी लापता है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेंद्रपाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब घर की तलाशी ली गई, तो आंगन में रखे पानी के टैंक में मासूम बच्ची का शव तैरता हुआ मिला, जिसे देखकर पुलिसकर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
पुलिस ने तत्काल घायल फिर्दोष और बच्ची को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और अधिकारियों को घटना के त्वरित खुलासे के निर्देश दिए।
मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच और स्थानीय चर्चाओं में हमले का आरोप ननद और उसके कथित प्रेमी पर लगाया जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। एसएसपी ने बताया कि मामले के अनावरण के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां