मुजफ्फरनगर के मीरापुर में कार की टक्कर से घायल युवक की मौत, दूसरे भाई का पैर कटा
मीरापुर। थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। देहरादून से होली की छुट्टियों पर अपने घर लौट रहे दो सगे भाइयों की मोटरसाइकिल में एक अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई को अपना एक पैर खोना पड़ा। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेरठ के ग्राम चितवाना शेरपुर निवासी पिंटू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई विकल कुमार और गौरव कुमार पुत्रगण सत्यवीर 2 मार्च 2026 की रात देहरादून से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे रात करीब 12 बजे ग्राम किथौड़ा पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद रंग की ऑल्टो कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जीवनभर का दर्द दे गई दुर्घटना
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान गौरव कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, विकल कुमार की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों को उसका एक पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा।
अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा
मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना पुलिस ने घटना के संबंध में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां