मुरादाबाद–टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में आ रही दरगाह की मीनारें हटाई गईं, प्रशासन ने बुलडोजर से शुरू की कार्रवाई
मुआवजा मिलने के बाद भी नहीं हटा था कब्जा, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एनएच-734 का रास्ता हुआ साफ
मुरादाबाद। जनपद में निर्माणाधीन मुरादाबाद–टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग-734 के कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क के निर्धारित दायरे में आ रही एक दरगाह के हिस्से को बुलडोजर की मदद से हटा दिया गया। यह कार्रवाई भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सिरसवां दोराहा में स्थित हजरत रहीम चिश्ती दरगाह पर की गई, जहां जेसीबी मशीन की मदद से दरगाह की दो मीनारों को जमींदोज कर दिया गया।
हाईवे निर्माण में बाधा बन रही थी दरगाह
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एनएच-734 का निर्माण कार्य गांव सिरसवां दोराहा के पास दरगाह का कुछ हिस्सा बीच में आने के कारण लंबे समय से प्रभावित हो रहा था। संबंधित भूमि को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (NHAI) द्वारा पहले ही नियमानुसार अधिग्रहित किया जा चुका था। निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए दरगाह प्रबंधन समिति से कई बार बातचीत की गई थी, लेकिन बाधा दूर न होने पर प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
प्रबंधन को दिया जा चुका था मुआवजा
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दरगाह और मस्जिद प्रबंधन समिति को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जा चुका था। मुआवजे के बाद मस्जिद का एक हिस्सा पहले ही हटाया जा चुका था, लेकिन बरामदे और मीनारों को हटाने के अनुरोध के बावजूद कब्जा बरकरार था। इसी के चलते बुधवार को प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर मीनारों को हटाने की कार्रवाई की।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, विरोध के बावजूद चली कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, दरगाह के हिस्से को हटाने को लेकर पूर्व में कुछ संगठनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था और उलेमाओं ने भी वैकल्पिक समाधान की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने इसे कानूनी प्रक्रिया और विकास के लिए आवश्यक बताते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। अधिकारियों का कहना है कि इस हाईवे के बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां