नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के कृषकों को अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए सोमवार को डीएम मेधा रूपम द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहनों के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और आवश्यकता के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी जाएगी।
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि प्रचार वाहन पर लगाए गए बैनर एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से किसानों को बताया जायेगा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक होगी। साथ ही राज्य एवं भारत सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए भी फार्मर आईडी अनिवार्य की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान किसानों को यह भी बताया जायेगा कि भविष्य में नामांतरण तथा कृषि भूमि के क्रय विक्रय पंजीकरण की प्रक्रिया में भी फार्मर आईडी की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि प्रचार वाहनों के माध्यम से यह भी अपील की जायेगी कि सभी कृषक समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें, जिससे उन्हें किसी भी शासकीय योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर कृषि अधिकारी दिव्यम यादव, प्रधान सहायक यतीश शर्मा, वरिष्ठ सहायक प्रशांत कुमार, सतीश भाटी सहित अन्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियां