नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र की एक सोसायटी में रहने वाली एक उप निरीक्षक की पत्नी ने अपने पति पर महिला कांस्टेबल से प्रेम संबंध रखने का आरोप लगाया हैं। इस मामले में महिला ने थाना बिसरख में दी शिकायत में कहा है कि उसके पति नीरज सिंह का संबंध एक महिला कांस्टेबल से है। विरोध करने पर उसे धमकी मिल रही है। इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान है।
थाना बिसरख में दी शिकायत में महिला का कहना है कि उसे जून माह में पति के अफेयर का पता चला था। उसके बाद से पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगे। पति धमकी देते हैं कि वह यूपी पुलिस से हैं। उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अगर कुछ कहा तो जान से खत्म कर देगा। महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर महिला कांस्टेबल के साथ हल्द्वानी, मसूरी और हरिद्वार घूमने जाते हैं।
विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया जाता है। दोनों के आपत्तिजनक फोटो भी उसके पास मौजूद हैं। जिन्हें वह सबूत के तौर पर पेश कर सकती है। दोनों मिलकर उसकी हत्या कर सकते हैं या गायब कर देंगे। इसलिए उसने अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। अब वह पति के साथ नहीं रहना चाहती क्योंकि उसके चरित्र का असर बच्चों पर नहीं पड़ना चाहिए। महिला ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि उसके पति और महिला कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिला के अनुसार उसका पति सेक्टर-24 कोतवाली में एसएसआई रह चुके हैं। इसी थाने में महिला कांस्टेबल भी रह चुकी है।
इस बाबत पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया सेल प्रभारी सुबोध कुमार का कहना है कि प्रकरण से संबंधित उप निरीक्षक और महिला आरक्षी थाना सेक्टर-24 के अलग-अलग मामलों में पूर्व में निलंबित हुए थे। उपनिरीक्षक नीरज कुमार वर्तमान में भी निलंबित है। वर्तमान में दोनों अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित है। उपरोक्त आरोपों का संज्ञान लेते हुए विभागीय जांच की गई है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला को न्याय मिलेगा।