नोएडा। ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती को प्रोत्साहन देने और युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से बृजभूषण शरण सिंह की बेटी और नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह का सक्रिय प्रयास निरंतर जारी है। इसी क्रम में उन्होंने युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह के साथ नोएडा के बहलोलपुर स्थित लगभग 60 वर्ष पुराने ऐतिहासिक खुशीराम पहलवान कुश्ती अखाड़े का दौरा किया।
दौरे के दौरान कालू पहलवान, मुले पहलवान, महेंद्र पहलवान, मनीष गुर्जर, दक्ष गुर्जर, कृष्ण पहलवान, बॉबी पहलवान, देवराज शर्मा, घनश्याम चौहान एवं अन्य ने अखाड़े में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को आ रही विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं की कमी से अवगत कराया। पहलवानों ने बताया कि संसाधनों के अभाव के बावजूद ग्रामीण युवा कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
इसके पश्चात शालिनी सिंह ने सरफाबाद स्थित लगभग 15 वर्ष पुराने सुखबीर खलीफा के कुश्ती अखाड़े का भी दौरा किया। यहां कोच सुभोध पहलवान, राहुल यादव, सोनू यादव, सुरेंद्र पहलवान, अजीत यादव, शेरपाल यादव एवं रोहित यादव ने नोएडा क्षेत्र में खेलों से जुड़ी चुनौतियों, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
सभी अखाड़ों में मौजूद पहलवानों और प्रशिक्षकों ने नोएडा में प्रो रेसलिंग लीग के सफल आयोजन के लिए शालिनी सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को मंच मिला, बल्कि नोएडा को कुश्ती के मानचित्र पर नई पहचान भी मिली है। साथ ही सभी ने आने वाले समय में नोएडा को कुश्ती का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा, की ग्रामीण अखाड़े भारत की कुश्ती परंपरा की असली पहचान हैं। यहां से निकलने वाले पहलवानों में अपार प्रतिभा है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और संसाधनों की है। मेरा निरंतर प्रयास रहेगा कि इन अखाड़ों की समस्याएं संबंधित मंचों तक पहुंचें और युवाओं को कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें। नोएडा को कुश्ती का हब बनाने के लिए हम सभी मिलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर शहर के सम्मानित पत्रकार लोकेश चौहान, अजय चौहान, पुनीत राणा, प्रशांत सिंह, आदि मौजूद रहे।
टिप्पणियां