मुजफ्फरनगर: होटल के कमरे में प्रेमी जोडे के साथ मारपीट, वीडियो भी बनाई
खुद को 'हिंदूवादी कार्यकर्ता' बताने वाले 15-20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

छपार (मुजफ्फरनगर)। जनपद के छपार थाना क्षेत्र में ईद के पावन अवसर पर एक होटल के भीतर घुसकर एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ बर्बर मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। खुद को 'हिंदूवादी कार्यकर्ता' बताने वाले 15-20 अज्ञात असामाजिक तत्वों ने न केवल प्रेमी जोड़े पर हमला किया, बल्कि मजहब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
नई मंडी क्षेत्र के गांव बागोवाली निवासी समीर पुत्र सलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 21 मार्च को ईद के दिन अपनी महिला मित्र शीबा प्रवीन से मिलने ग्राम सिसौना स्थित एक होटल में गया था। दोनों होटल के कमरे में बैठकर शांति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 15-20 अज्ञात लोग, जिनके माथे पर लंबे टीके लगे थे और जो खुद को 'हिंदूवादी कार्यकर्ता' बता रहे थे, जबरन कमरे के भीतर घुस आए।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: सिखेड़ा में बेल पर आए आरोपी का तांडव, गवाही से मना करने पर पूरे परिवार को किया लहूलुहान बाथरूम में छिपकर बची जान
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने आते ही दोनों का नाम-पता पूछा और गाली-गलौज शुरू कर दी। बिना कुछ सुने, उन्होंने समीर के चेहरे और पेट पर लात-घूंसों व थप्पड़ों से हमला कर दिया। शीबा के साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की गई। दहशत में आई युवती ने अपनी जान बचाने के लिए खुद को होटल के कमरे के बाथरूम में बंद कर लिया।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगरः भाजपा जिला कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों व नामित सभासदों का भव्य सम्मानवीडियो बनाकर मजहबी टिप्पणियां
आरोप है कि हमलावरों ने इस पूरी घिनौनी घटना की जबरन वीडियो बनाई और मजहब को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। वे दोनों को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। शोर-शराबा सुनकर होटल कर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की गुंडागर्दी और संख्या देखकर वे भी सहम गए।
पुलिस ने शुरु की कार्रवाई
घटना के बाद से युवक-युवती गहरे सदमे में हैं। छपार थाना पुलिस ने समीर की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्र के जिम्मेदार नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां