मुजफ्फरनगर के आर्यन गोयल ने रचा इतिहास: एयर इंडिया में बना बोइंग-737 का ट्रेनी पायलट, मीरापुर कस्बा में खुशी की लहर
समाजसेवी मनीष गोयल के पुत्र ने कड़ी मेहनत से पूरा किया पायलट बनने का सपना, बधाई देने वालों का लगा तांता
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा मीरापुर के एक होनहार युवक ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ निश्चय के बल पर आसमान की बुलंदियों को छू लिया है। कस्बा के वरिष्ठ समाजसेवी मनीष गोयल उर्फ सीटन के पुत्र आर्यन गोयल का चयन एयर इंडिया में बोइंग-737 फ्लीट पर ट्रेनी पायलट के रूप में हुआ है। आर्यन की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
सपनों को दी नई उड़ान
आर्यन के ताऊ और वरिष्ठ व्यापारी डब्बू गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि आर्यन का बचपन से ही पायलट बनकर देश की सेवा करने और मीरापुर का नाम रोशन करने का सपना था। अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित आर्यन ने फरवरी 2024 में कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की थी। इसके ठीक एक साल बाद, अक्टूबर 2025 में उन्होंने बोइंग 737 की 'टाइप रेटिंग' हासिल की। निरंतर कड़े परिश्रम का ही परिणाम है कि आज एयर इंडिया ने उन्हें अपने प्रतिष्ठित फ्लीट का हिस्सा बनाया है।
परिजनों और गुरुजनों को दिया श्रेय
आर्यन की मां दीपाली गोयल ने भावुक होते हुए बताया कि आर्यन बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा, "आर्यन में पायलट बनने का जुनून था और हमने हमेशा उसका साथ दिया। आज उसकी मेहनत रंग लाई है।" वहीं, अपनी इस सफलता पर आर्यन गोयल ने कहा कि यह मुकाम परिवार के अटूट सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं था। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि इच्छाशक्ति दृढ़ हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
बधाई देने वालों का लगा तांता
आर्यन की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने मनीष गोयल को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से अमित मित्तल, प्रथम मित्तल, मनोज मदान, पीयूष जैन, मधुरबैन छाबड़ा, सुशील शर्मा, जितेंद्र सैनी, उदित गोयल, शिखा गोयल, वेदप्रकाश आर्य, कमल प्रकाश आर्य, राजीव लोचन, कैलाश शर्मा, ब्रजभूषण अग्रवाल, उदित कोहली व जतिन कोहली आदि शामिल रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां