मुजफ्फरनगर: मोरना में नवरात्र व्रत में कुट्टू का आटा बना 'ज़हर', कचौरी खाने से कई लोग बीमार
तबीयत बिगड़ने पर परिवार के पीड़ितों को अस्पताल में कराया भर्ती

मोरना (मुजफ्फरनगर)। त्यौहारों के सीजन में मिलावटी और बासी खाद्य पदार्थों की धड़ल्ले से हो रही बिक्री लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला मोरना क्षेत्र का है, जहाँ नवरात्र व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बनी कचौरी खाने से एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। आनन-फानन में पीड़ितों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी सत्येंद्र पाल ने बताया कि उनके परिवार ने नवरात्र का व्रत रखा हुआ था। शनिवार देर शाम परिवार के सदस्यों ने कुट्टू के आटे से तैयार कचौरियों का सेवन किया। भोजन के कुछ ही देर बाद सदस्यों को चक्कर आने लगे और उल्टियां व दस्त शुरू हो गए। स्थिति बिगड़ते देख रविवार को सत्येंद्र की पत्नी सुधा (38 वर्ष) और पुत्री खुशी (15 वर्ष) को मोरना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
चिकित्सकों ने की फूड पॉइजनिंग की पुष्टि
अस्पताल में तैनात डॉ. अनिल कौशिक ने बताया कि दूषित कुट्टू के आटे के सेवन से पीड़ितों को 'फूड पॉइजनिंग' हुई है। मरीजों का उचित उपचार शुरू कर दिया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान अस्पताल में डॉ. श्रुति, एलटी स्टाफ अशोक कुमार और वार्ड ब्वॉय नरेंद्र कुमार भी मुस्तैद रहे।
ग्राम प्रधान ने जाना हाल, प्रशासन से जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान सर्वेंद्र राठी (मिंटू) अस्पताल पहुंचे और बीमार परिजनों का हाल जाना। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बाजारों में पुराने और फफूंद लगे कुट्टू के आटे को पीसकर बेचा जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से दुकानों पर छापेमारी और सैंपल जांच की मांग की है। ग्राम प्रधान ने कहा कि त्यौहारों पर मिलावटी सामान बेचना लोगों के जीवन से खिलवाड़ है। प्रशासन को ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां